मधुबनी: बाढ़ के समय तटबंधों को क्षति पहुंचाने वालों पर पुलिस की कड़ी निगाह होगी। इसके लिए सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष टास्क दिया गया है। यह टास्क अपराध समीक्षा की बैठक के दौरान सोमवार को एसपी रंजीत कुमार मिश्रा ने दिया।
इस संबंध में उन्होंने बताया कि बाढ़ के समय कुछ लोग आसपास के गांव के निकट तटबंधों में क्षति पहुंचा देते हैं। साथ ही कुछ असमाजिक तत्व व ठेकेदार भी इस मंशा के साथ बांध को तोड़ डालते हैं कि उन्हें काम मिलेगा। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनकी नकेल कसी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर बांध की विशेष निगरानी करने का भी आदेश संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिया गया है।
भैरवा पर विशेष नजर : सावन में जलाभिषेक को लेकर बिस्फी थाना के भैरवा महादेव मंदिर में जलाभिषेक को लेकर होने वाले विवाद पर भी विशेष निगाह रहेगी। शांतिपूर्ण जलाभिषेक को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। इस दौरान अशांति फैलाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें